Type Here to Get Search Results !

छात्राओं की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवासीय व्यवस्था तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्राओं की नियमित कक्षाएं संचालित की जाएं और पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्राओं की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना प्राथमिकता होनी चाहिए। 

उपायुक्त ने छात्रावास का निरीक्षण करते हुए छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। छात्राओं ने भोजन, स्वच्छता, पढ़ाई और खेलकूद से संबंधित अपनी बातें साझा कीं। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्राओं को समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए और मेन्यू के अनुसार ही भोजन परोसा जाए। रसोईघर की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान पेयजल और शौचालय व्यवस्था की भी जांच की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालय परिसर में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और सभी शौचालयों की साफ-सफाई प्रतिदिन की जाए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मौके पर बेंगाबाद के बीडीओ, सीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। 



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.