तिसरी में विशाल इंटरप्राइजेज में लाखों की चोरी, पहले शराब पी फिर बैक डोर तोड़कर दुकान में घुसे चोर।
SHIKHAR DARPANMonday, August 10, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड के गुमगी बाईपास सड़क स्थित विशाल इंटरप्राइजेज में बीती रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने पहले दुकान के पास बैठकर शराब पी और फिर बैक डोर तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद रेफ्रीजरेटर, इन्वर्टर-बैटरी समेत लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। शराब पीकर दिया घटना को अंजाम मिली जानकारी के अनुसार चोर जितना सामान ले जा सकते थे, उतना अपने साथ ले गए। वहीं, बचा हुआ एक रेफ्रीजरेटर पास के खेत में फेंक दिया। घटना स्थल से शराब और पानी की बोतलें भी बरामद हुई हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने वहीं बैठकर शराब पी थी। दुकान संचालक विशाल कुमार के पिता प्रदीप गुप्ता ने बताया कि रविवार शाम वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में फेंका हुआ रेफ्रीजरेटर देखा और इसकी सूचना उन्हें दी।
दुकान पहुंचकर शटर खोला तो अंदर से रेफ्रीजरेटर, इन्वर्टर-बैटरी समेत अन्य कीमती सामान गायब मिले। दुकान के पिछले हिस्से में लगा प्लाई का दरवाजा कुछ जगहों से उखड़ा हुआ मिला है। आशंका है कि चोर इसी रास्ते से दुकान के अंदर दाखिल हुए। भारी सामान को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी का सामान ले जाने के लिए चोरों ने मालवाहक वाहन का इस्तेमाल किया होगा। *पुलिस कर रही जांच* घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर घटना का जल्द खुलासा किया जा सके।