Type Here to Get Search Results !

छोटानागपुर वसु इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

खुखरा स्थित छोटानागपुर वसु इंटरनेशनल स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खुखरा पंचायत की मुखिया सुनैना पाठक ने तिरंगा ध्वज फहराया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और भारतीय संस्कृति को अपनाने के लिए प्रेरित किया। खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की तरह संघर्ष और मेहनत के साथ जीवन में ऊंचाइयों को हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना परिश्रम के सफलता संभव नहीं है। पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक ने बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा को सर्वोपरि रखने तथा अपने क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के उप-प्राचार्य राजेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का उत्सव नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को याद करने का दिन भी है। 

उन्होंने बच्चों से देश को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक ले जाने में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ब्रह्मदेव मिश्रा, पंकज मिश्रा, सोमनाथ पांडे, शंकर गोस्वामी, इदरीस अंसारी, स्कूल डायरेक्टर परमेश्वर महतो, शिक्षक गोविंद कुमार, दीपक कुमार, पुष्पा मिंज, अंकिता खलखो, सलोनी कुमारी, प्रभा कुमारी, सोनाली राज, तेजस्विता लामा, सुप्रिया हेंब्रम समेत विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। बच्चों एवं अभिभावकों के बीच मिठाई वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.