पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

प्रखंड क्षेत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। प्रखंड मुख्यालय से लेकर थाना, पंचायत भवन, सरकारी-अर्ध सरकारी संस्थानों, विद्यालयों एवं निजी प्रतिष्ठानों तक जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज आन, बान और शान के साथ फहराया गया। इस दौरान लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश के वीर शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता का संकल्प लिया।पीरटांड़ प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित प्रखंड स्तरीय समारोह में प्रमुख सविता टुडू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आजादी हमें लाखों वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है। हमें देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। वहीं पीरटांड़ थाना में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, मधुबन थाना में थाना प्रभारी दिपेश कुमार, खुखरा थाना में थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह तथा हरलाडीह ओपी में ओपी प्रभारी निराज कुमार ने ध्वजारोहण किया।स्वच्छता समिति परिसर में बीडीओ मनोज कुमार मरांडी और पीरटांड़ वन विभाग कार्यालय में प्रभारी वनपाल गौतम कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
*विद्यालयों और संस्थानों में भी दिखा उत्साह:-
स्वतंत्रता दिवस को लेकर विद्यालयों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। छोटानागपुर वसु इंटरनेशनल स्कूल, खुखरा में स्कूल के डायरेक्टर परमेश्वर महतो ने ध्वजारोहण किया। वहीं आरएन पब्लिक स्कूल में ‘देश दीवाने अभियान’ के राष्ट्रीय सचिव शरत भक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वहीं पालगंज मोड़ पर नवयुवकों एवं टेंपो चालकों की ओर से ध्वजारोहण किया गया।प्रखंड के सभी पंचायत भवनों, मध्य विद्यालयों, कन्या विद्यालयों सहित दर्जनों स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।
*सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां:-
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुम्हरलालो +2 उच्च विद्यालय, चिरकी +2 उच्च विद्यालय, विद्यालयम स्कूल कर्णपुरा, आरएन पब्लिक स्कूल पालगंज और वसु इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल खुखरा में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को टॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
पीरटांड़ में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने आजादी के मूल्यों, शहीदों के बलिदान और राष्ट्रप्रेम की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया। पूरे प्रखंड में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा।