Type Here to Get Search Results !

मधुबन मुख्य मार्ग पर आवारा पशुओं का जमावड़ा, हादसे का बढ़ा खतरा।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

मधुबन मुख्य मार्ग पर इन दिनों आवारा पशुओं का जमावड़ा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। पारसनाथ पहाड़ की तलहटी से लेकर मधुबन मोड़ तक सड़क के विभिन्न हिस्सों में दिन-रात गाय, बछड़े और कुत्ते घूमते व बैठे नजर आते हैं। इससे सड़क पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर अचानक पशुओं के आ जाने से वाहन चालकों को अपना संतुलन बनाए रखने में परेशानी होती है। खासकर रात के समय अंधेरे में सड़क पर बैठे पशु आसानी से नजर नहीं आते। ऐसे में अचानक सामने पशु आ जाने पर बाइक व अन्य वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि आवारा पशुओं के कारण कई बार छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं। मधुबन मुख्य मार्ग पारसनाथ आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। इस सड़क पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती रहती है। ऐसे में सड़क पर पशुओं का जमावड़ा यातायात के लिए भी परेशानी पैदा कर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पशुओं को सड़क से हटाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद वे फिर सड़क पर आ जाते हैं। लोगों ने पशुपालकों से अपने पशुओं को खुले में नहीं छोड़ने तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की है, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को दुर्घटना के खतरे से राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.