Type Here to Get Search Results !

न्यायिक हिरासत में नक्सली अभियुक्त एतवारी मांझी की मौत, परिजनों को सौंपा गया शव/पूर्व मंत्री बेबी देवी ने परिजनों से की मुलाकात।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

विभिन्न नक्सली कांडों में नामजद अभियुक्त एवं पारसनाथ पहाड़ की तराई स्थित मोहनपुर गांव निवासी एतवारी मांझी उर्फ संत उर्फ शनीचरवा की न्यायिक हिरासत में इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया। शव के मोहनपुर स्थित पैतृक घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। बताया जाता है कि एतवारी मांझी विभिन्न नक्सली मामलों में नामजद अभियुक्त था। बीते माह उसने अपने दर्जनों नक्सली साथियों के साथ रांची में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की पहल की थी। पुलिस के नक्सल विरोधी अभियान और आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर उसने हथियार छोड़कर सामान्य जीवन जीने का निर्णय लिया था।

आत्मसमर्पण के बाद से ही उसकी तबीयत खराब चल रही थी। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उसे हजारीबाग अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, जहां न्यायिक हिरासत के दौरान इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। आत्मसमर्पण के बाद एतवारी के परिजनों को उम्मीद थी कि वह अब नक्सली गतिविधियों से दूर होकर सामान्य जीवन व्यतीत करेगा। परिवार के लोगों ने बताया कि आत्मसमर्पण की जानकारी मिलने के बाद वे उससे मिलने भी गए थे। लेकिन कुछ ही समय बाद बेटे की मौत की खबर और फिर उसका शव घर पहुंचने से परिवार पूरी तरह टूट गया। परिजनों ने परिवार के भरण-पोषण के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

*पूर्व मंत्री बेबी देवी ने परिजनों से की मुलाकात*
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मंत्री बेबी देवी रविवार को मोहनपुर स्थित एतवारी मांझी के घर पहुंचीं। उन्होंने मृतक के माता-पिता से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। परिजनों ने पूर्व मंत्री के समक्ष अपनी आर्थिक स्थिति और परिवार के भरण-पोषण की समस्या रखते हुए सहायता की मांग की। इस पर बेबी देवी ने तत्काल परिजनों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। एतवारी मांझी की मौत के बाद गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर चर्चा रही। पुलिस के अनुसार, एतवारी की तबीयत बिगड़ने के कारण इलाज के दौरान मौत हुई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। शव सुपुर्द किए जाने के बाद क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.