Type Here to Get Search Results !

आउटसोर्सिंग ठेका मजदूरों की समस्याओं को लेकर असंगठित इंटक की बैठक, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

असंगठित इंटक, ओपन कास्ट शाखा की एक महत्वपूर्ण बैठक आज ओपन कास्ट खदान के समीप आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता असंगठित इंटक के अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य मनोज दास ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा ने किया। बैठक में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा बतौर मुख्य वक्ता उपस्थित हुए। उन्होंने ओपन कास्ट खदान में कार्यरत आउटसोर्सिंग ठेका मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि मजदूरों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रबंधन के साथ वार्ता कर ठोस पहल करने का आश्वासन दिया। बैठक में मजदूरों ने बताया कि उनके वेतन से भविष्य निधि (PF) की कटौती की जा रही है, लेकिन उन्हें इसकी समुचित जानकारी एवं प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इस पर ऋषिकेश मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक मजदूर को उसके PF खाते, कटौती एवं जमा राशि से संबंधित पारदर्शी जानकारी और प्रमाण मिलना चाहिए।बैठक में यह भी सामने आया कि कई मजदूरों से निर्धारित 8 घंटे से अधिक, लगभग 12 घंटे तक कार्य कराया जा रहा है।
इस पर ऋषिकेश मिश्रा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मजदूरों से अतिरिक्त समय कार्य कराने की स्थिति में नियमानुसार भुगतान एवं अन्य वैधानिक अधिकार सुनिश्चित किए जाने चाहिए।मजदूरों ने पहचान पत्र, उपस्थिति का सही रिकॉर्ड, पीएफ संबंधी दस्तावेज, वैधानिक लाभ, वी टी सी की उपस्थिति तथा सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध नहीं कराए जाने सहित विभिन्न समस्याओं को भी बैठक में रखा। मजदूरों ने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रत्येक श्रमिक को आवश्यक पीपीई उपलब्ध कराया जाना चाहिए। ऋषिकेश मिश्रा ने कहा कि ठेका मजदूरों की समस्याओं को लेकर जल्द ही सीसीएल के महाप्रबंधक एवं संबंधित प्रबंधन अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा समस्याओं का समाधान कराने के लिए संगठन हर स्तर पर प्रयास करेगा। वहीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे मनोज दास ने कहा कि यदि सीसीएल प्रबंधन मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं करता और उन्हें एच पी सी के तहत निर्धारित वेतन एवं अन्य वैधानिक लाभ नहीं दिए जाते हैं, तो संगठन संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।बैठक में मजदूरों ने संगठन के नेतृत्व में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।बैठक में असंगठित इंटक के दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में आउटसोर्सिंग ठेका मजदूर उपस्थित थे।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.