Type Here to Get Search Results !

खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो महिला मोर्चा का आंदोलन का ऐलान।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 के खिलाफ झारखंड में राजनीतिक विरोध तेज होता जा रहा है। मंगलवार को गिरिडीह जिला कार्यालय में झामुमो महिला मोर्चा की बैठक प्रमिला कुमारी के नेतृत्व में हुई। बैठक में विधेयक के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया।महिला मोर्चा की नेत्रियों ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा जरूरी है। उन्होंने केंद्र सरकार से खनिज संशोधन विधेयक को वापस लेने की मांग की। नेत्रियों ने कहा कि जरूरत पड़ी तो महिलाएं सड़क पर डेरा डालकर आंदोलन करेंगी और झारखंड से एक ढेला खनिज बाहर नहीं जाने देंगी। उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व का उपयोग राज्य के विकास और जनकल्याण में होना चाहिए। बैठक के दौरान महिलाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

इस दौरान “खनिज संशोधन विधेयक वापस लो”, “काला कानून वापस लो”, “झारखंडियों का हक-अधिकार छीनना बंद करो” और “तानाशाही बंद करो” जैसे नारे लगाए गए। महिला मोर्चा की नेताओं ने कृषि कानूनों के खिलाफ हुए आंदोलन का हवाला देते हुए कहा कि झारखंड भी अपने हक-अधिकार की लड़ाई लड़ेगा और केंद्र सरकार को यह विधेयक वापस लेना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि महिलाएं दुर्गा और काली का रूप धारण कर सड़क पर उतरेंगी तो आंदोलन का असर सरकार को समझ आएगा।बताया गया कि झामुमो ने इस मुद्दे पर राज्यस्तरीय आंदोलन की रणनीति तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 20 अगस्त को रांची में विस्तारित केंद्रीय समिति की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा होगी। बैठक में मेयर प्रमिला मेहरा, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रमिला कुमारी, आशा देवी, प्रीति भास्कर, अंजली मुर्मू, पूजा मुर्मू, निखत प्रवीण, तमन्ना प्रवीण, रोशन आरा, डोली कुमारी, कुसुम कुमारी, सोनी कुमारी, विरमा देवी, सावित्री देवी, ज्योति कुमारी समेत कई महिलाएं मौजूद थीं।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.