गिरिडीह में पुतला दहन को लेकर सियासी घमासान, भाजपा के कई कार्यकर्ता गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANSaturday, August 22, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने झंडा मैदान पहुंचकर मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया। भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। सुरक्षा को लेकर झंडा मैदान से टावर चौक तक भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया और कार्यकर्ताओं के हाथ से पुतला छीन लिया। इसके बाद पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई। कार्यकर्ता पुतला दहन करने की मांग पर अड़े रहे। काफी खींचतान के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों के सदस्यों ने अलग-अलग स्थानों पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
इस दौरान पुलिस ने भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। भाजपा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में रंजीत कुमार राय, विनीत कुमारी, चुन्नू कांत, सुनील पासवान, सुरेश प्रसाद मंडल, नवीन सिन्हा, सुभाष चंद्र सिन्हा, मनोज साहू, दीपक यादव, महेंद्र वर्मा, राजकिशोर साव, मनीष वर्मा, मनोज पांडेय, जागेश्वर यादव, प्रेम रंजन, सौरव ठाकुर और प्रशांत चंद्रवंशी शामिल हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को झंडा मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने पहुंचे छात्रों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया था। मारपीट में कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई थी। घटना के बाद से गिरिडीह में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। शनिवार को भी झंडा मैदान और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की भारी तैनाती रही।