मधुबन में भगवान पार्श्वनाथ के निर्वाण महोत्सव के उपलक्ष्य पर चढ़ाए गए निर्वाण लाडू ।
SHIKHAR DARPANWednesday, August 19, 2026
0
मधुबन,शिखर दर्पण संवाददाता।
जैनियों के विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल मधुबन में मोक्ष सप्तमी निर्वाण महोत्सव के उपलक्ष्य पर चढ़ाए गए निर्वाण लाडू । इस अवसर पर भगवान पार्श्वनाथ का निर्वाण महोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। पारसनाथ पर्वत स्थित स्वर्ण भद्र कूट में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में दिगंबर जैन समाज की ओर से विधि-विधान के साथ निर्वाण लाडू चढ़ाया गया। इस वर्ष देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 35 हजार तीर्थयात्री मधुबन पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विभिन्न जैन मंदिरों के साथ-साथ पारसनाथ पर्वत पर भगवान पार्श्वनाथ की पूजा-अर्चना कर निर्वाण लाडू अर्पित किया। मौके पर बीसपंथी कोठी से श्रीजी की भव्य शोभायात्रा गाजे बाजे के साथ निकाली गई, जो पारसनाथ पर्वत स्थित स्वर्ण भद्र कूट पहुंची। जहां विशेष पूजा-अर्चना के बाद निर्वाण लाडू चढ़ाए गए। भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी की ओर से पूरे पारसनाथ पर्वत एवं मधुबन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। स्वर्ण भद्र कूट, गंधर्व नाला, सीता नाला सहित विभिन्न स्थानों पर स्वागत व अभिनंदन द्वार बनाए गए थे।
मधुबन मोड़ से पर्वत तक तोरण द्वार और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए जगह-जगह चिकित्सा शिविर, चाय, दूध, उकाली और बिस्कुट की व्यवस्था की गई। विभिन्न कमिटियों के द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई। शिखरजी स्वच्छता समिति ने भी कैंप लगाकर निःशुल्क गर्म पानी उपलब्ध कराया। बताया गया कि रात करीब 10 बजे से ही श्रद्धालुओं के जत्थे पारसनाथ पर्वत की ओर पहुंचने लगे थे। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीपीओ आबिद खान, बीडीओ मनोज मरांडी, सीओ ऋषिकेश मराड़ी,मधुबन थाना प्रभारी दिपेश कुमार खुद सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए थे। हालांकि मधुबन मेन रोड पर जाम की समस्या से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बिजली और पानी की समस्या भी बनी रही। कार्यक्रम में भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जम्बू प्रसाद जैन,संतोष जैन पेंधारी, राष्ट्रीय महामंत्री,संजय पापड़ीवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष,हसमुख गांधी, राष्ट्रीय मंत्री, वीरेश जैन, जबलपुर, सहित जवाहर लाल जैन, राजकुमार जैन अजमेरा, मनोज जैन, संजय जैन, प्रभात सेठी, सुमन कुमार सिन्हा, देवेंद्र जैन, पवन शर्मा समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।