ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया होगी आसान, 20 अगस्त से 12 नवंबर तक प्रखंडवार विशेष कैंप का आयोजन।
SHIKHAR DARPANWednesday, August 19, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
उपायुक्त, गिरिडीह रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले में आमजनों को ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सेवाएं सुगम एवं सुलभ रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर विशेष ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिला परिवहन कार्यालय द्वारा इसके लिए प्रखंडवार तिथियां निर्धारित की गई हैं। जिला परिवहन पदाधिकारी, श्री संतोष कुमार ने बताया कि इन कैंपों के माध्यम से संबंधित प्रखंड क्षेत्र के योग्य एवं इच्छुक नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं प्रक्रियात्मक सुविधा प्रखंड मुख्यालय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य नागरिकों को जिला मुख्यालय तक अनावश्यक आवागमन से राहत प्रदान करने के साथ-साथ ड्राइविंग लाइसेंस निर्गमन की प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाना है।
*व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश:-
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से अनुरोध किया है कि अपने-अपने स्तर से ड्राइविंग लाइसेंस कैंप की तिथियों एवं इससे संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ उठा सकें। साथ ही, संबंधित प्रखंडों में वाहन चालकों के अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) की जांच हेतु उपयुक्त स्थल का चिन्हांकन कर उसकी सूचना जिला परिवहन कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि निर्धारित तिथि को संबंधित प्रखंड मुख्यालय में आयोजित कैंप में उपस्थित होकर ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सुविधा का लाभ उठाएं तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन परिचालन सुनिश्चित करें।