गिरिडीह में विकास योजनाओं की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी।
SHIKHAR DARPANWednesday, August 19, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले में संचालित विकास योजनाओं को गति देने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने समाहरणालय सभागार में तकनीकी पदाधिकारियों एवं विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विद्युत, पेयजल एवं स्वच्छता, ग्रामीण कार्य, लघु सिंचाई, भवन, NREP, पथ प्रमंडल, भूमि संरक्षण समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने लंबित और धीमी गति से चल रही योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट और स्थल निरीक्षण कर योजनाओं की वास्तविक प्रगति की निगरानी करने तथा निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने को कहा। किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधा की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को देने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में लटक रहे एवं अव्यवस्थित बिजली तारों को सुव्यवस्थित कराने तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने भी सभी विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में अनावश्यक देरी, लापरवाही या गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।