पारसनाथ पर्वत पर चला स्वच्छता अभियान, तीर्थ की पवित्रता बनाए रखने का संदेश।
SHIKHAR DARPANThursday, August 06, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
विश्व प्रसिद्ध जैन तीर्थस्थल पारसनाथ पर्वत पर भारतवर्षीय दिगंबर जैनतीर्थ क्षेत्र कमेटी द्वारा स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत पर्वत की वंदना पथ एवं टोंक मार्ग की साफ-सफाई का कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी के महा प्रबंधक सुमन कुमार सिन्हा ने बताया कि तीर्थ क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखना कमेटी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि सभी लोग मिलकर इस पवित्र तीर्थ की गरिमा और स्वच्छ वातावरण को बनाए रखें।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पर्वत पर प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा या अन्य अपशिष्ट न फैलाएं तथा स्वच्छता नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि पारसनाथ पर्वत केवल एक धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है। इसकी पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कमेटी ने उम्मीद जताई कि श्रद्धालुओं के सहयोग से यह स्वच्छता अभियान लगातार जारी रहेगा और पारसनाथ पर्वत की पवित्रता एवं स्वच्छता आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सकेगी।