दो आवेदनों से सामने आया घरेलू विवाद और शोषण का आरोप, दोनों मामलों में प्राथमिकी होगी।
SHIKHAR DARPANMonday, August 17, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जमुआ थाना क्षेत्र की एक महिला के दो अलग-अलग आवेदनों से यौन शोषण और दहेज प्रताड़ना से जुड़ा मामला सामने आया है। महिला ने एक आवेदन में शादी का झांसा देकर करीब छह माह तक शोषण करने, जबकि दूसरे आवेदन में पति, सास-ससुर समेत अन्य लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। महिला ने दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। महिला के अनुसार, धर्मपुर निवासी करीब 30 वर्षीय महिला ने दुम्मा गांव के बारोटांड़ टोला निवासी चंद्रशेखर प्रसाद वर्मा पर शादी का झांसा देकर करीब छह माह तक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि 27 जून को आरोपी उसे बहला-फुसलाकर गिरिडीह ले गया, जहां शादी का भरोसा देकर शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करवाए और रातभर अपने साथ रखा। अगले दिन रात करीब 8:30 बजे उसे बारासोली में छोड़कर चला गया।
दूसरे आवेदन में महिला ने अपने पति बिनोद वर्मा, सास कलावती देवी, ससुर जयनाथ महतो समेत अन्य लोगों पर मायके से 1.50 लाख रुपये लाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, 26 जून की रात रुपये लाने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। आरोप है कि अगले दिन उसे कमरे में बंद कर रुपये लाने का दबाव बनाया गया, जिसके बाद वह अपनी बेटी के साथ मायके चली गई। जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे वह अपनी बेटी के साथ ससुराल पहुंची थी। आरोप है कि वहां उसकी सास ने उसके साथ मारपीट की, जिससे नाक और कान से खून निकलने लगा। महिला ने कुछ अन्य लोगों पर भी मारपीट, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की साजिश का आरोप लगाया है। उसने करीब 700 रुपये और चांदी का लॉकेट ले लिए जाने का भी आरोप लगाया है। किसी तरह वहां से निकलकर वह रात करीब 11:30 बजे अपने मामा के घर पहुंची। महिला ने दोनों आवेदनों के माध्यम से पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जमुआ थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।