बिरनी में खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में मोदी का पुतला दहन।
SHIKHAR DARPANMonday, August 17, 2026
0
बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।
खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो की ओर से सोमवार को बिरनी प्रखंड मुख्यालय में जन जागरूकता अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन को प्रखंड की सभी 28 पंचायतों के गांव-गांव तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद प्रखंड मुख्यालय के समक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। मौके पर झामुमो केंद्रीय कमेटी सदस्य दिलीप मंडल ने कहा कि केंद्र सरकार खनिज संशोधन विधेयक लाकर संघीय व्यवस्था पर प्रहार कर रही है। उन्होंने कहा कि विधेयक के खिलाफ झारखंड की जनता को सड़क पर उतरकर आंदोलन करना होगा।
झारखंड युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष कोलेश्वर सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार ने झारखंडियों पर काला कानून थोपकर एक और संघर्ष के लिए मजबूर किया है। जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने दावा किया कि खनिज संशोधन विधेयक से झारखंड सरकार को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान होगा, जिसका असर जनहित की योजनाओं पर पड़ेगा। झामुमो नेता नारायण पांडेय ने पूरे प्रखंड में जोरदार आंदोलन की बात कही, जबकि मनोज सिंह ने झारखंड के हित में भाजपा सांसदों और विधायकों से भी विधेयक का विरोध करने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मजीद अंसारी ने की। संचालन प्रखंड सचिव कृष्ण मुरारी प्रसाद सिन्हा और राजू अंसारी ने किया। मौके पर बहादुर कुशवाहा, संतोष पासवान, फागू मांझी, रिजवी अंसारी, प्रमोद सिंह, तैयब अली, नौशाद अंसारी, युगन मंडल, सेवा दास, हैदर अंसारी, मोहन पासवान, गौरव पांडेय, सीताराम पासवान समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।