ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका सुदृढ़ीकरण के साथ पारदर्शी, जवाबदेह एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन पर जोर।
SHIKHAR DARPANTuesday, August 11, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, आजीविका को मजबूत करने और ग्रामीण विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से VB-G RAM G अधिनियम को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त रामनिवास यादव ने की। प्रशिक्षण के दौरान अधिनियम के उद्देश्यों, प्रमुख प्रावधानों, योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन की प्रक्रिया तथा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। उपायुक्त ने कहा कि अधिनियम का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए योजनाओं की सही योजना, समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण कार्य और नियमित निगरानी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरती जाए तथा निर्धारित प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन सुनिश्चित हो।
साथ ही क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करने और आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया। उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि अधिनियम के सफल क्रियान्वयन के लिए पदाधिकारियों, तकनीकी कर्मियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने पंचायत एवं ग्राम स्तर पर जरूरत के आधार पर प्राथमिकता से योजनाओं का चयन करने तथा गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का ध्यान रखने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में परियोजना पदाधिकारी ने अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, रोजगार एवं आजीविका से जुड़े कार्यों के चयन, तकनीकी प्रक्रिया, निगरानी, अभिलेख संधारण और जवाबदेही से संबंधित जानकारी दी। प्रशिक्षण में सहायक समाहर्ता यश कुमार, सभी प्रमुख, बीपीओ, एई, जेई, मुखिया एवं अन्य पदाधिकारी-जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी बीडीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।