सीसीएल गिरिडीह एरिया महाप्रबंधक के साथ राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ की परिचयात्मक बैठक, मजदूरों एवं कॉलोनीवासियों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा।
SHIKHAR DARPANSaturday, August 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक) के पदाधिकारियों की एक परिचयात्मक बैठक शनिवार को सीसीएल गिरिडीह एरिया के महाप्रबंधक के.एस. गायवाल के साथ संपन्न हुई। बैठक में यूनियन पदाधिकारियों ने प्रबंधन के समक्ष मजदूरों एवं सीसीएल कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से रखा। बैठक में प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक के.एस. गायवाल, परियोजना पदाधिकारी जी.एस. मीणा, स्टाफ ऑफिसर (पर्सनल) शैलेंद्र कुमार, स्टाफ ऑफिसर (माइनिंग) अनिल पासवान, प्रबंधक (कार्मिक) अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक) की ओर से अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा (अधिवक्ता), महाप्रबंधक कार्यालय यूनिट के सचिव इकबाल अंसारी, कबरीबाद परियोजना के अध्यक्ष राहुल कुमार, सचिव प्रकाश कुमार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा, मोहम्मद अख्तर तथा असंगठित इंटक के अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य मनोज कुमार दास सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
परिचयात्मक बैठक के उपरांत यूनियन की ओर से कई महत्वपूर्ण जनहित एवं श्रमिक हित से जुड़े मुद्दों को प्रबंधन के समक्ष रखा गया। इनमें सीसीएल के लंकास्टर हॉस्पिटल के समुचित संचालन तथा एक्स-रे टेक्नीशियन की नियुक्ति का मुद्दा प्रमुख रहा। यूनियन ने कहा कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। इसके अलावा पापरवाटांड स्थित सीसीएल कॉलोनी, बनियादिह तथा बुढ़ियाखाद मोती मोहल्ला में व्याप्त गंभीर पेयजल समस्या पर भी विस्तार से चर्चा हुई। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और इसका शीघ्र स्थायी समाधान आवश्यक है। प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक के.एस. गायवाल ने पेयजल समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बैठक में उठाए गए अन्य मुद्दों पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। महाप्रबंधक ने मजदूरों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा यूनियन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करने की बात कही।यूनियन अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ श्रमिक हितों के साथ-साथ सीसीएल क्षेत्र में बेहतर औद्योगिक संबंध एवं कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रबंधन के साथ सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद जारी रखेगा।