Type Here to Get Search Results !

सावन सोमवार और नाग पंचमी पर शिव मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के पावन संयोग पर जिले के सभी बाबा मंदिरों एवं खास कर बगोदर स्थित प्रसिद्ध हरिहरधाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। बाबा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं आरोग्यता की कामना की। नाग पंचमी के कारण नाग देवता की पूजा को लेकर भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। 

यहाँ यह बता दे कि गिरिडीह-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर स्थित हरिहरधाम अपने करीब 65 फीट ऊंचे शिवलिंगाकार मंदिर के लिए प्रसिद्ध है। सावन के दौरान झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल समेत विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। कतारबद्ध तरीके से पूजा और दर्शन की व्यवस्था कराई गई।बताया जाता है कि हरिहरधाम की प्राण-प्रतिष्ठा वर्ष 1988 में हुई थी। समय के साथ यह स्थल क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित हुआ और आज सावन के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।सावन सोमवार और नाग पंचमी के एक साथ पड़ने से इस बार हरिहरधाम में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.