मधुबन में 13 वर्षों से कांवरियों की सेवा कर रही ॐ शिव शंकर कांवरिया सेवा समिति।
SHIKHAR DARPANSunday, August 16, 2026
0
मधुबन,शिखर दर्पण संवाददाता।
सावन के पावन महीने में मधुबन में कांवरियों की सेवा के लिए ॐ शिव शंकर कांवरिया सेवा समिति द्वारा लगातार 13 वर्षों से भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। समिति की ओर से कांवरियों एवं श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन के साथ चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। भंडारे में पहुंचने वाले कांवरियों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया जा रहा है तथा जरूरत पड़ने पर प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी की गई है।
समिति के सदस्यों का कहना है कि कांवरियों की सेवा को भगवान शिव की सेवा मानकर यह आयोजन हर वर्ष किया जाता है। समिति के अध्यक्ष दीपक पहाड़ी, सचिव संजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रकाश गुप्ता तथा परम संरक्षक भरत साहू और कैलाश प्रसाद अग्रवाल सहित अन्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। भंडारे के माध्यम से समिति द्वारा लगातार सेवा और धार्मिक सद्भाव का संदेश दिया जा रहा है।