गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों में शामिल।
SHIKHAR DARPANMonday, August 17, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को एशिया पोस्ट के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों की सूची में शामिल किया गया है। इस उपलब्धि से जिले के पुलिस महकमे के साथ-साथ आम लोगों में भी खुशी और गर्व का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर पर किए गए इस सर्वेक्षण में देशभर के 1,100 से अधिक जिला पुलिस प्रमुखों का मूल्यांकन किया गया। अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, मैत्रीपूर्ण पुलिसिंग, नेतृत्व क्षमता, नवाचार, पारदर्शिता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, संकट प्रबंधन और जनसंपर्क जैसे विभिन्न मानदंडों के आधार पर 100 पुलिस कप्तानों का चयन किया गया।
इस सूची में झारखंड से गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार के अलावा पाकुड़ के एसपी अनुदीप सिंह, स्पेशल ब्रांच के एसपी हृदिप पी. जनार्दन, धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार और सिमडेगा के एसपी श्रीकांत सुरेशराव को भी स्थान मिला है। बताया गया कि चयनित 100 पुलिस कप्तानों में से देश के टॉप-25 पुलिस अधिकारियों की अगली सूची तैयार की जाएगी, जिसे आगामी अंक में प्रकाशित किया जाएगा। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य बेहतर पुलिस नेतृत्व, जनविश्वास और जनोन्मुखी पुलिसिंग के सफल उदाहरणों को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाना है। गिरिडीह एसपी कार्यालय की ओर से इस उपलब्धि को पूरे जिले के सहयोग और पारदर्शी एवं जवाबदेह पुलिसिंग के प्रयासों का परिणाम बताया गया। वहीं, स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने एसपी डॉ. बिमल कुमार को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।