41 स्कूलों में एक साथ चला पुलिस का जागरूकता अभियान, एसपी ने बच्चों को पढ़ाया कानून और सुरक्षा का पाठ।
SHIKHAR DARPANSaturday, August 29, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह पुलिस की ओर से शनिवार को जिलेभर के 41 विद्यालयों में एक साथ छात्र जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना/ओपी प्रभारियों ने स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को नए आपराधिक कानून, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार स्वयं जमुआ थाना क्षेत्र के लंगटा बाबा उच्च विद्यालय, मिर्जागंज पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), जीरो एफआईआर, ई-एफआईआर, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा डिजिटल साक्ष्यों की महत्ता की जानकारी दी। एसपी ने बच्चों को बढ़ते साइबर अपराधों से सावधान रहने की अपील करते हुए म्यूल अकाउंट, सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग, सेक्सटॉर्शन, टास्क फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में समझाया।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करने और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करने और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। वहीं सड़क सुरक्षा के तहत नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, हेलमेट पहनने और ट्रिपल राइडिंग से बचने की अपील की गई। विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए बनाए गए गुड सेमेरिटन कानून के बारे में भी बताया गया। पुलिस अधिकारियों को शिक्षक और मार्गदर्शक की भूमिका में देखकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। कार्यक्रम के बाद बच्चों ने पुलिस पदाधिकारियों से विभिन्न सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब दिया। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि कानून के प्रति जागरूक, डिजिटल दुनिया में सतर्क और सड़क पर अनुशासित बच्चे ही सुरक्षित समाज की नींव बनेंगे। गिरिडीह पुलिस का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम कर युवाओं को जागरूक और सशक्त बनाना है।