आपका एक छोटा-सा प्रयास, मतदाता सूची को अधिक सटीक और लोकतंत्र को अधिक सशक्त बना सकता है। SIR-2026 अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
SHIKHAR DARPANThursday, July 02, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे *विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR 2026) अभियान को सफल, पारदर्शी एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को वॉलंटियर्स की भूमिका को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि SIR-2026 का मूल उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करना तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं शत-प्रतिशत प्रमाणिक बनाना है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक बीएलओ के साथ जिला स्तर से एक-एक वॉलंटियर की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बीएलओ को मैदानी कार्यों में सहयोग प्रदान करेंगे। विशेष रूप से वृद्ध, दिव्यांग (PwD), गंभीर रूप से बीमार, आर्थिक रूप से कमजोर एवं अन्य संवेदनशील वर्गों के मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना वॉलंटियर्स की प्रमुख जिम्मेदारी होगी, ताकि कोई भी पात्र मतदाता किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करे।
उन्होंने कहा कि वॉलंटियर्स अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, मैपिंग, नामांकन प्रपत्र भरवाने तथा ECINET एवं voters.eci.gov.in के माध्यम से मतदाताओं का विवरण खोजने में बीएलओ की सहायता करेंगे। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम पूर्व की मतदाता सूची में नहीं है, लेकिन वह पात्र है, तो उसे आवश्यक दस्तावेजों सहित नामांकन प्रक्रिया पूरी कराने में भी वॉलंटियर्स सहयोग देंगे। 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए वॉलंटियर्स गांव-गांव जाकर ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करेंगे, जो अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं। बीएलओ-बीएलए-2 बैठकों एवं चुनावी पाठशालाओं के माध्यम से भी ऐसे नागरिकों की पहचान कर उन्हें मतदाता के रूप में पंजीकृत कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।* उन्होंने बताया कि वॉलंटियर्स बीएलओ-बीएलए-2 बैठकों की कार्यवाही का दस्तावेजीकरण करने, ASDDF सूची (Already Shifted, Dead, Duplicate, Permanently Shifted, Refused to Sign आदि श्रेणियों) को अंतिम रूप देने, सूची के सत्यापन तथा आवश्यक अभिलेख तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि वॉलंटियर्स निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए पोस्टर, पंपलेट एवं अन्य जागरूकता सामग्री के माध्यम से आमजनों को SIR-2026 अभियान के प्रति जागरूक करें तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में शामिल होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि अभियान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य समस्या सामने आती है अथवा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, गलत घोषणा-पत्र, फर्जी दस्तावेज अथवा गलत जानकारी देने का प्रयास सामने आता है, तो वॉलंटियर्स तत्काल संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) अथवा जिला निर्वाचन पदाधिकारी को सूचित करेंगे, ताकि नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उपायुक्त ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर, वॉलंटियर्स एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों से समन्वय एवं पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि "SIR-2026 केवल एक पुनरीक्षण अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने का एक व्यापक जनभागीदारी अभियान है। हमारा लक्ष्य है कि जिले का कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।"आपका एक छोटा-सा प्रयास, मतदाता सूची को अधिक सटीक और लोकतंत्र को अधिक सशक्त बना सकता है। SIR-2026 अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।