Type Here to Get Search Results !

कुम्हलालो पंचायत भवन में झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक ने आयोजित किया री-केवाईसी कार्यक्रम।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की ओर से बुधवार को कुम्हलालो पंचायत भवन में री-केवाईसी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एलडीएम अमृत कुमार चौधरी, आरएम मनीष कनोजिया और शाखा प्रबंधक निकेश कुमार सिन्हा मौजूद रहे। इसके अलावा कुम्हलालो मुखिया अनिता बर्णवाल, बिशनपुर मुखिया अनूप मिश्रा, मुखिया प्रतिनिधि सुभाष बर्णवाल, मुरारी प्रसाद समेत दर्जनों महिला-पुरुष भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों को ई-केवाईसी और री-केवाईसी के महत्व के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि यदि किसी बैंक खाते को खुले हुए 10 वर्ष हो गए हैं, तो खाताधारक को दोबारा री-केवाईसी कराना आवश्यक होता है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से ई-केवाईसी और री-केवाईसी जरूर कराने की अपील की। कार्यक्रम में ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, जनधन योजना, अटल पेंशन योजना समेत बैंक से जुड़ी अन्य योजनाओं की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया। साथ ही ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने बैंक खाते से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। मोबाइल फोन पर आने वाले अनजान या संदिग्ध मैसेज और लिंक को न खोलें तथा अपना ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत अपने बैंक से संपर्क करने की अपील की गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.