"उदनाबाद पुल की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क, ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर प्रभावी रोक के निर्देश।
SHIKHAR DARPANFriday, July 17, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिला प्रशासन, गिरिडीह ने मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत गिरिडीह प्रखंड के उदनाबाद में उसरी नदी पर निर्मित उच्चस्तरीय पुल की सुरक्षा एवं आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, गिरिडीह के कार्यपालक अभियंता द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह को भेजे गए पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है कि पुल पर भारी एवं ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही से पुल की संरचनात्मक सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो रही है। पूर्व में भी इस संबंध में संबंधित विभागों एवं प्रशासन को पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया था तथा भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने के उद्देश्य से संकेतक एवं अवरोधक भी लगाए गए थे।
इसके बावजूद कुछ वाहन चालकों द्वारा नियमों की अनदेखी कर भारी वाहनों का परिचालन जारी रखा गया, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंता और बढ़ गई है। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि पुल की सुरक्षा तथा आम नागरिकों के जीवन की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अनुमंडल प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पुल पर ओवरलोड एवं भारी वाहनों के आवागमन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित भार सीमा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पूर्णतः पालन करें। नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य विकास परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जनहित एवं जनसुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखना है।