Type Here to Get Search Results !

दलितों के पूर्वजों से चले आ रहे रास्ते को घेरना गलत - राजेश यादव//पीड़ित परिवारों के साथ बेंगाबाद पहुंची फॉरवर्ड ब्लॉक की टीम।

बेंगाबाद,शिखर दर्पण संवाददाता।

पिछले कई दिनों से बेंगाबाद प्रखंड के सोनबाद में दलित परिवारों के पूर्वजों से चले आ रहे रास्ते की जमीन की कथित भू-स्वामियों द्वारा जबरन घेराबंदी के क्रम में कल हुई मारपीट की घटना को लेकर पीड़ित की ओर से आज बेंगाबाद थाना में एक आवेदन दिया गया। आवेदन में रास्ता घेरने का विरोध करने पर उनके साथ की गई मारपीट की शिकायत के साथ भविष्य में उनके साथ किसी अनिष्ट की आशंका को लेकर सुरक्षा की गुहार भी लगाई गई है। इस दौरान फारवर्ड ब्लाक की एक टीम ने भी साथ जाकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। इस बाबत बेंगाबाद के पूर्व जिप सदस्य एवं पार्टी के जिला संयोजक राजेश यादव ने कहा कि, उक्त जमीन पर सिर्फ सोनबाद तुरी टोला के ही लोगों का आना-जाना नहीं, बल्कि सोनबाद स्कूल में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे भी उसी जमीन से होकर स्कूल में जाते-जाते हैं।

कहा कि, ऐसा पूर्वजों से है। ऐसे में ग्रामीणों के लिए रास्ते का पूरा अधिकार बनता है। परंतु रास्ता देना छोड़ जबरन बाउंड्री कर दलित परिवारों के लिए बड़ी परेशानी उत्पन्न करने की साजिश हुई, जिसका विरोध करने पर उनके साथ कई बार मारपीट और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार हो चुका है। अतः ऐसे मामलों में उचित कार्रवाई होनी चाहिए और कमजोर को सुरक्षा भी मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि, मामले का सामाजिक स्तर से भी समाधान किया जा सकता है। इसके लिए आगामी 2 अगस्त का समय भी निर्धारित किया गया है। लेकिन यदि दलित परिवारों को रास्ता नहीं मिला, तो लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से लड़ाई जारी रहेगी। मौके पर पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष शिवनंदन यादव, उपाध्यक्ष रामलाल मंडल, राजेंद्र मंडल, सुखदेव गोस्वामी, शंभू तुरी, अशोक तुरी, दुखी टूरी, कुंडल तुरी, राजू तुरी, सहित अन्य मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.