Type Here to Get Search Results !

पुश्तैनी जमीन की चहारदीवारी तोड़ी, कब्जे की कोशिश का आरोप //मधुबन में बढ़ते भूमि विवाद से ग्रामीणों में रोष, प्रशासन से कार्रवाई की मांग।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता। 

जैन तीर्थस्थल मधुबन क्षेत्र में जमीन की बढ़ती कीमतों के साथ भूमि विवाद भी लगातार गहराता जा रहा है। एक ही जमीन पर कई लोगों के दावे और कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों व दबंगई के बल पर कब्जे की कोशिश के आरोप सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में मधुबन निवासी नंदकिशोर सिंह की पुश्तैनी जमीन की चहारदीवारी तोड़कर कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाना से लेकर जिला प्रशासन तक शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। बताया जाता है कि नंदकिशोर सिंह की जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मामला अनुमंडल कार्यालय तक भी पहुंचा, जहां कुछ समय तक सुनवाई हुई। इसके बाद नंदकिशोर सिंह ने अपनी जमीन की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी का निर्माण कराया। आरोप है कि गुरुवार देर रात कुछ लोगों ने उनकी जमीन की चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया। पीड़ित परिवार का दावा है कि घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

नंदकिशोर सिंह ने आरोप लगाया कि जमीन पर कब्जा करने की नीयत से चहारदीवारी तोड़ी गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि मधुबन में जमीन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण भू-माफियाओं की सक्रियता बढ़ गई है। कई स्थानों पर फर्जी कागजात तैयार कर अथवा दबाव और प्रभाव का इस्तेमाल कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। इससे स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बताया जाता है कि मधुबन क्षेत्र में भूमि विवाद से जुड़े कई मामले पहले से लंबित हैं। ऐसे में पुश्तैनी जमीन की चहारदीवारी तोड़े जाने की घटना के बाद ग्रामीणों में रोष और बढ़ गया है। वही मामले को लेकर मधुबन थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जमीन विवाद को लेकर पूर्व में भी कार्रवाई हुई थी। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.