Type Here to Get Search Results !

बिल्डिंग बायलॉज उल्लंघन पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, भीम ज्वेलर्स के भवन का अवैध हिस्सा तोड़ना शुरू।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

झारखंड बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन कर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ गिरिडीह नगर निगम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अंबेडकर चौक के समीप मोबाइल गली स्थित भीम ज्वेलर्स के भवन के अवैध हिस्से का ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया। नगर निगम की इस कार्रवाई से आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जानकारी के अनुसार, नगर निगम ने कुछ दिन पूर्व भीम ज्वेलर्स सहित कुल 11 भवन मालिकों को झारखंड बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन के आरोप में नोटिस जारी किया था। नोटिस में संबंधित भवन मालिकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने भवन के अवैध रूप से निर्मित हिस्से को स्वयं हटाने का निर्देश दिया गया था।

साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया था कि यदि तय समय के भीतर आदेश का पालन नहीं किया गया तो नगर निगम स्वयं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा और इस पर आने वाला पूरा खर्च संबंधित भवन मालिक से वसूला जाएगा। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर नगर निगम ने अपने आदेश के अनुरूप कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों की निगरानी में जेसीबी मशीन की मदद से भवन के अवैध हिस्से को तोड़ा गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि शहर में बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन कर किए जा रहे अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निगम ने लोगों से भवन निर्माण से पहले स्वीकृत नक्शे और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील भी की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.