Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सफेद पत्थर से लदा 16 चक्का ट्रक जब्त।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पारसनाथ वन क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध सफेद पत्थर के कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने गुरुवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए सफेद पत्थर से लदा एक 16 चक्का ट्रक जब्त किया है। कार्रवाई के बाद अवैध खनन और तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर डीएफओ मनीष तिवारी के निर्देश पर पारसनाथ रेंज के रेंजर एस.के. रवि के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में सफेद पत्थर से लदे ट्रक को कब्जे में लेकर पारसनाथ रेंज कार्यालय लाया गया, जहां वाहन के दस्तावेजों एवं खनिज की वैधता की जांच की जा रही है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान वाहन मालिक, चालक, अवैध खनन कराने वाले लोगों तथा पूरे सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल की जाएगी। दोषियों के खिलाफ वन एवं खनन कानूनों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि खुखरा थाना क्षेत्र के कई हिस्सों में पिछले कई महीनों से अवैध रूप से सफेद पत्थर का कारोबार संचालित हो रहा था। विभिन्न स्थानों पर पत्थरों का भंडारण कर रात के समय उन्हें फैक्ट्रियों एवं अन्य स्थानों पर भेजा जाता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद वन विभाग ने यह कार्रवाई की। छापेमारी अभियान में वन विभाग के पंकज कुमार, गौतम कुमार, अमर कुमार सहित कई कर्मी शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.