विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) में बढ़-चढ़कर करें सहभागिता, शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची निर्माण में दें अपना योगदान:- जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव।
SHIKHAR DARPANTuesday, June 30, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता से सुनिश्चित होती है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार के द्वारा 31-गांडेय विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत महेशलुंडी मतदान केंद्र संख्या-79 का निरीक्षण किया गया।* निरीक्षण के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत चल रहे कार्यों, गणना प्रपत्र भरने की प्रगति, मतदाताओं की सहभागिता तथा बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अभियान को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित करने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।वहीं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने 32 गिरिडीह विधानसभा अन्तर्गत एच.ई. हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या-38 एवं 39 का निरीक्षण कर SIR-2026 के अंतर्गत संचालित कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, अभिलेखों के संधारण एवं मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए अभियान को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के अंतर्गत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक छोटा-सा प्रयास मतदाता सूची को अधिक सटीक, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सभी पात्र मतदाता निर्धारित समयावधि के भीतर अपना गणना प्रपत्र (Enumeration Form) अवश्य भरें तथा निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) का उद्देश्य मतदाता सूची में शामिल प्रत्येक प्रविष्टि का सत्यापन कर उसे शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा अपात्र प्रविष्टियों को भी नियमानुसार हटाया जा सके। यह प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय निर्वाचन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील किया कि वे अपने परिवार, पड़ोस एवं आसपास के पात्र मतदाताओं को भी गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें तथा इस जनहितकारी अभियान में सहभागी बनें। जनसहभागिता से ही मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित होगी और लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी। जिला प्रशासन ने पुनः सभी मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में सक्रिय सहयोग करें और संकल्प लें कि "कोई भी पात्र मतदाता छूटेगा नहीं।"