पीडीएस डीलर पर राशन गबन का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच व कार्रवाई की मांग।
SHIKHAR DARPANFriday, June 19, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड के कुण्डको पंचायत अंतर्गत कासियाडीह गांव के ग्रामीणों ने जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलर बालेश्वर हांसदा पर राशन वितरण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज मरांडी को आवेदन सौंपकर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर द्वारा अप्रैल 2026 का राशन अब तक लाभुकों के बीच वितरित नहीं किया गया है। साथ ही प्रत्येक राशन कार्ड पर हर महीने दो किलो अनाज की कटौती किए जाने की शिकायत भी की गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि डीलर पहले लाभुकों से हस्ताक्षर या अंगूठा निशान ले लेता है और बाद में राशन मांगने पर यह कहकर लौटा देता है कि उनका राशन पहले ही उठाया जा चुका है। आवेदन में ग्रामीणों ने संबंधित डीलर का लाइसेंस रद्द करने, अप्रैल माह का बकाया राशन उपलब्ध कराने तथा कासियाडीह गांव के कार्डधारियों को किसी अन्य डीलर से संबद्ध करने की मांग की है। आवेदन पर सोनाराम, बासुदेव समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर एवं अंगूठा निशान दर्ज हैं। इधर, मामले की जांच खाद्य आपूर्ति विभाग को सौंप दी गई है। समाचार लिखे जाने तक संबंधित अधिकारियों एवं डीलर का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था।