श्री सम्मेद शिखरजी (मधुबन) में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ।
SHIKHAR DARPANFriday, June 19, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
शाश्वत तीर्थराज श्री सम्मेद शिखरजी स्थित श्री दिगम्बर जैन बीसपंथी कोठी, मधुबन में पंच बालयति मंदिर, रथ एवं शास्त्र मंदिर के भूमिपूजन, परम पूज्य मुनिश्री प्रशमानंद जी मुनिराज के 49वें अवतरण दिवस तथा श्रुत पंचमी पर्व के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं, समाजजनों एवं धर्मानुरागियों ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ परम पूज्य प्राकृत भाषा चक्रवर्ती आचार्य श्री वसुनन्दी जी मुनिराज के मंगल आशीर्वाद एवं सान्निध्य में हुआ। इस दौरान जय मंदिर एवं युगल वेदी शिलान्यास, सम्मेद शिखर के प्रथम ताम्रपत्र षट्खण्डागम ग्रंथ की स्थापना तथा श्रुत वेदी प्रतिष्ठा जैसे ऐतिहासिक धार्मिक कार्य संपन्न किए गए। 18 जून को आयोजित कार्यक्रमों के तहत 12×18 फीट के विशाल महाध्वज का आरोहण किया गया। पंच बालयति मंदिर एवं युगल वेदी शिलान्यास का भूमि पूजन कोठी अध्यक्ष प्रशांत कुमार जैन एवं महामंत्री संजय पापड़ीवाल ने अपने परिवार सहित संपन्न कराया।
वहीं मुनिश्री प्रशमानंद मुनिराज के 49वें अवतरण दिवस पर पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, गुरु पूजा, विनयांजलि एवं भव्य आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु भक्ति एवं धर्म प्रभावना से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। 19 जून को श्रुत पंचमी पर्व के अवसर पर भव्य पालकी यात्रा निकाली गई तथा श्री सम्मेद शिखर के प्रथम ताम्रपत्र षट्खण्डागम ग्रंथ की स्थापना का ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुआ। इस अवसर पर आचार्यों एवं मुनिराजों ने श्रुत परंपरा, जैन आगमों के संरक्षण तथा धर्म-संस्कृति के महत्व पर प्रेरक उद्बोधन दिए। कार्यक्रम में कोठी ट्रस्टी कमलेश जैन, कार्यकारी प्रबंधक कपिल चौगुले, सहायक प्रबंधक मनोज जैन, नागेंद्र कुमार सिंह, पंकज जैन, दीपक जैन सहित कोठी के वरीय कर्मचारी बी.एन. चौगुले, विशाल जैन, ऋषभ जैन, संजय जैन, रूपेश जैन, रवि जैन, मनीष जैन, रितेश जैन तथा समस्त कर्मचारीगण की सक्रिय भूमिका रही। समारोह में समाज के वरिष्ठजन, संत-मुनि, विद्वान एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए श्री सम्मेद शिखर दिगम्बर जैन बीसपंथी कोठी, मधुबन के सभी ट्रस्टियों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। आयोजन की सफलता पर श्रद्धालुओं एवं समाजजनों ने कोठी प्रबंधन को बधाई दी।