तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से किसान की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम।
SHIKHAR DARPANWednesday, June 03, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह-कोडरमा मुख्य मार्ग पर हीरोडीह थाना क्षेत्र के शिबूडीह गांव में बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिबूडीह निवासी कारु यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कारु यादव खेत में हल जोतने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा दोषी बाइक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर गिरिडीह-कोडरमा मुख्य सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और घंटों सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलने पर हीरोडीह थाना पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों द्वारा नियमानुसार मुआवजा दिलाने तथा दोषी बाइक सवारों की पहचान कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के जिम्मेदार बाइक सवारों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।