Type Here to Get Search Results !

रिश्वत मांगने के आरोप में तिसरी थाना के एसआई लाइन हाजिर, जांच शुरू।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

रिश्वत मांगने के आरोप में गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने तिसरी थाना में पदस्थापित एसआई नंद कुमार राय को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार मामला तिसरी थाना क्षेत्र का है, जहां एक मुस्लिम महिला और उसके पति के बीच चल रहे घरेलू विवाद से जुड़े केस में एसआई नंद कुमार राय पर 60 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। आरोप है कि केस में सहायता करने के नाम पर एसआई ने महिला से कई किश्तों में रुपये लिए। पीड़िता महिला ने एसपी से मिलकर मामले की शिकायत की थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एसआई नंद कुमार राय ने तत्कालीन थाना प्रभारी रंजय कुमार के नाम पर भी रुपये की मांग की थी।

हालांकि मामले में वास्तव में कितनी राशि का लेन-देन हुआ है, इसकी जांच की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एसपी डॉ. विमल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआई को लाइन हाजिर कर दिया तथा विस्तृत जांच का आदेश दिया है। सूत्रों के अनुसार, मामले से जुड़ा एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने अब तक वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.