Type Here to Get Search Results !

भरकट्टा में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, बिजली मिस्त्री समेत दो गंभीर घायल।

बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।

बिरनी प्रखंड के भरकट्टा स्थित गैस एजेंसी के समीप मंगलवार को दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में 50 वर्षीय बिजली मिस्त्री समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि दोनो मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों की पहचान थोरिया गांव निवासी लगभग 50 वर्षीय बिजली मिस्त्री साजिद अंसारी तथा हजारीबाग जिले के चालकुसा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानगो गांव निवासी मुकेश तुरी (पिता- कारु तुरी) के रूप में हुई है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हुई, जिसके बाद दोनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।इस दौरान जिला परिषद सदस्य सूरज सुमन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपनी निजी गाड़ी से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद साजिद अंसारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। वहीं मुकेश तुरी का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में जारी है।इधर, भरकट्टा ओपी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.