Type Here to Get Search Results !

मधुबन पंचायत में माहवारी स्वच्छता को लेकर जागरूकता बैठक आयोजित।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।

माहवारी स्वच्छता प्रबंधन एवं "चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो" अभियान के तहत मधुबन पंचायत में गुरुवार को एक जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया कविता देवी ने की। बैठक का उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं के बीच माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक वर्जनाओं को दूर करना था। कार्यक्रम में जल सहिया, स्वास्थ्य सहिया, किशोरियों एवं समुदाय के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस दौरान प्रतिभागियों को माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित सैनिटरी पैड के उपयोग, नियमित हाथ धोने की आदत, संक्रमण से बचाव तथा मासिक धर्म से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। यूनिसेफ की सहयोगी संस्था LEADS के समन्वयक संतोष कुमार सिंह एवं संजय कुमार ने कार्यक्रम में सहयोग करते हुए उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को माहवारी को एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया के रूप में स्वीकार करने तथा इस विषय पर खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया।बैठक के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अपने परिवार और समुदाय में माहवारी स्वच्छता संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार करने का संकल्प लिया। साथ ही ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.