सीसीएल गिरिडीह में इंटक और प्रबंधन के बीच एजेंडा बैठक, श्रमिक हितों व क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर हुई चर्चा।
SHIKHAR DARPANThursday, June 04, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
सीसीएल गिरिडीह क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बुधवार को राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक) एवं सीसीएल प्रबंधन के बीच महत्वपूर्ण एजेंडा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक केंद्रीय औद्योगिक न्यायाधिकरण-सह-श्रम न्यायालय (सीजीआईटी) के आदेश के आलोक में आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के साथ नियमित एजेंडा बैठक आयोजित करने तथा उसमें महाप्रबंधक की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था। महाप्रबंधक के क्षेत्र से बाहर रहने के कारण उनके प्रभार में कार्यरत परियोजना पदाधिकारी जी.एस. मीणा ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में प्रबंधन की ओर से विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया, जबकि इंटक की ओर से क्षेत्रीय अध्यक्ष सह राष्ट्रीय सचिव ऋषिकेश मिश्रा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में श्रमिकों की समस्याओं, स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं तथा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
यूनियन प्रतिनिधियों ने कोयला चोरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सुरक्षा कर्मियों का नियमित स्थानांतरण करने तथा प्रत्येक माह जिला एवं पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने की मांग उठाई।इसके अलावा गिरिडीह ओपन कास्ट परियोजना में कार्यरत आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा उत्पादन कार्य शीघ्र प्रारंभ नहीं किए जाने पर उसे ब्लैकलिस्ट करने तथा स्थानीय आईटीआई एवं डिप्लोमा धारक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की गई। यूनियन ने गिरिडीह वर्कशॉप को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने पर भी जोर दिया।बैठक में बनियाडीह एवं पपरवाटांड़ स्थित सीसीएल कॉलोनियों में पेयजल और विद्युत आपूर्ति की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने, ओपन कास्ट खदान एवं अन्य जल स्रोतों के पानी का शोधन कर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक पेयजल पहुंचाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर यूनियन ने सीसीएल कर्मियों एवं उनके परिजनों के लिए स्थानीय अस्पतालों को इम्पैनल करने, लेंकास्टर अस्पताल में महिला चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ तथा एक्स-रे और पैथोलॉजी जांच जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। साथ ही कबाड़ीबाद एवं ओपन कास्ट खदानों में श्रमिकों के लिए स्वच्छ शौचालय, पेयजल तथा सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।बैठक के दौरान प्रबंधन की ओर से उपस्थित विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित विषयों पर जानकारी दी और यूनियन द्वारा उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।बैठक के अंत में महाप्रबंधक प्रभारी सह परियोजना पदाधिकारी जी.एस. मीणा ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिकों एवं स्थानीय जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रबंधन गंभीरता और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करेगा।