Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में दिल दहला देने वाली वारदात: हैवान बने पिता ने जुड़वा बेटियों समेत तीन बेटियों की हत्या की।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरुकडीह गांव में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एक पिता ने कथित रूप से अपनी तीन बेटियों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। जानकारी के अनुसार, आरोपी नंदू यादव ने सुबह अपने घर में ही पहले छह वर्षीय जुड़वा बेटियों रिद्धि और सिद्धि पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने अपनी 14 वर्षीय बेटी पल्लवी को भी धारदार हथियार से काटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के दौरान आरोपी की पत्नी ने स्थिति को भांपते हुए अपने बेटे को लेकर घर के दूसरे हिस्से की ओर भागकर किसी तरह जान बचाई। इस दर्दनाक घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह सदमे में बेसुध बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया जा रहा है। हत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.