Type Here to Get Search Results !

छोटानागपुर वसु इंटरनेशनल स्कूल में हूल दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा स्थित छोटानागपुर वसु इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को हूल दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं उप-प्राचार्य ने आदिवासी वीर-वीरांगनाओं सिद्धो-कान्हो, चाँद-भैरव तथा फूलो-झानो के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने आदिवासी वीरों की वेशभूषा धारण कर हूल क्रांति की गौरवशाली विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। शिक्षिका पुष्पा मिंज ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हूल दिवस झारखंड के गौरव, स्वाभिमान और बलिदान की याद दिलाने वाला दिन है।

उन्होंने कहा कि सिद्धो-कान्हो, चाँद-भैरव और फूलो-झानो ने अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया, जिनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। विद्यालय के उप-प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि हूल दिवस हमें अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने झारखंड के वीर शहीदों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए सभी को हूल दिवस की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।इस दौरान उप प्राचार्य राजेंद्र विश्वकर्मा,शिक्षक - पुष्पा मिंज,सलोनी कुमारी,सोनाली कुमारी,गोविंद कुमार, दीपक कुमार,राहुल वर्मा,प्रभा कुमारी, तेजस्विता लामा,सुप्रिया हेम्ब्रम,बिमला इक्का,मुकेश वर्मा,मंटू मुर्मू मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.