Type Here to Get Search Results !

तय राशि से अधिक वसूली का आरोप, वीडियो वायरल; जांच कमेटी गठित।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

चिरकी स्थित प्रतिमा इंडेन ग्रामीण वितरक पर घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान उपभोक्ता से निर्धारित राशि से अधिक पैसे लेने का आरोप लगा है। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। मधुबन निवासी सुजीत कुमार ने आरोप लगाया कि उन्होंने नियमानुसार घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी। बुकिंग के बाद जब एजेंसी का डिलीवरी कर्मी उनके घर सिलेंडर पहुंचाने आया तो उससे निर्धारित राशि से अधिक भुगतान की मांग की गई। सुजीत कुमार के अनुसार सिलेंडर के लिए उन्हें 970 रुपये का भुगतान करना था, लेकिन डिलीवरी कर्मी ने 1050 रुपये देने को कहा। उपभोक्ता का कहना है कि अतिरिक्त राशि मांगने का कारण पूछने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। इसी दौरान उपभोक्ता और डिलीवरी कर्मी के बीच हुई बातचीत का वीडियो किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो में उपभोक्ता निर्धारित दर से अधिक राशि वसूले जाने का विरोध करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सुजीत कुमार ने कहा कि गैस उपभोक्ताओं से सरकार एवं कंपनी द्वारा निर्धारित दर के अनुसार ही राशि ली जानी चाहिए। यदि अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक आर्थिक बोझ का सामना न करना पड़े। मामले को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार मरांडी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एजेंसी प्रबंधन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके द्वारा किसी भी कर्मी को निर्धारित राशि से अधिक पैसे लेने का निर्देश नहीं दिया गया है। उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.