झारखंड लहेरी समाज के दो दिवसीय प्रांतीय महा-सम्मेलन का भव्य आगाजप्रभात फेरी निकाली गई//महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि।
SHIKHAR DARPANSaturday, June 06, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड लहेरी समाज को नई, पारदर्शी और लोकतांत्रिक दिशा देने के उद्देश्य से शनिवार को मिर्जागंज स्थित सूर्य मंदिर धर्मशाला में दो दिवसीय प्रांतीय महा-सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे समाज के हजारों लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी के साथ हुई। समाज के लोगों ने एकजुटता और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए नगर भ्रमण किया। इसके बाद समाज के पूर्वजों, महापुरुषों एवं दिवंगत समाजसेवियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके योगदान को याद किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत कुमार लहेरी ने की, जबकि संचालन प्रवीण लहेरी, चंदु लहेरी एवं राहुल कुमार लहेरी ने संयुक्त रूप से किया। प्रथम दिवस के दौरान समाज के संगठनात्मक ढांचे को अधिक लोकतांत्रिक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से निष्पक्ष चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया।
साथ ही समाज के पुराने नियमों एवं दस्तावेजों में आवश्यक सुधार के लिए ऐतिहासिक संशोधन विधेयक प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। कार्यक्रम में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता दिनेश कुमार सिंह, अखिल भारतीय लखारा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयेश लखारा, राष्ट्रीय महासचिव अवधेश लाल लहेरी, कैलाश चंद लहेरी, हेमंत कुमार लश्कर, श्यामचंद कश्यप सहित देशभर से आए अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने समाज में समरसता, शिक्षा, रोजगार और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही सामाजिक नियमों को अधिक लोकतांत्रिक एवं जवाबदेह बनाने का संकल्प लिया गया। रविवार को सम्मेलन के दूसरे दिन संशोधन विधेयक का अंतिम अनुमोदन, नई प्रदेश कमेटी का गठन तथा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। अंत में कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत कुमार लहेरी ने सम्मेलन में शामिल सभी अतिथियों, प्रतिनिधियों एवं स्थानीय युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज की एकता और विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।