दालान चलकरी पहुंचे उपायुक्त, पीड़ित परिवार से मिल बंधाया ढांढस//ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, विकास कार्यों में तेजी लाने और हरसंभव सहायता देने का निर्देश।
SHIKHAR DARPANFriday, June 05, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मधुबन थाना क्षेत्र के दालान चलकरी गांव में हाल ही में हुए चर्चित दंपति हत्याकांड के बाद शुक्रवार को जिला प्रशासन सक्रिय नजर आया। गांव में व्याप्त भय, असुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं का जायजा लेने के लिए उपायुक्त रामनिवास यादव स्वयं दालान चलकरी के तिरिल टांड़ पहुंचे। उनके साथ डुमरी एवं पीरटांड़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, एसडीपीओ आबिद खान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कई थाना प्रभारी मौजूद थे। उपायुक्त ने सबसे पहले मृतक दंपति के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने शोकाकुल परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रशासन इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है तथा सरकार की ओर से मिलने वाली सभी सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत पहुंचाने के साथ-साथ मृतक दंपति के बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक पहल की जाए।
*ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, उपायुक्त ने दिया समाधान का भरोसा* दौरे के दौरान ग्रामीणों ने गांव की वर्षों पुरानी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव आज भी सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। कई लोगों ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण विकास योजनाओं का लाभ समय पर नहीं पहुंच पाता है।ग्रामीणों की बातें गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव की सभी प्रमुख समस्याओं का सर्वे कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि दूर-दराज के गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी परिवार सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। *विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश* उपायुक्त ने गांव की समग्र स्थिति का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार कर उन्हें जल्द धरातल पर उतारने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दालान चलकरी जैसे सुदूरवर्ती गांवों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए विशेष पहल की जाएगी। सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया गया।
*सुरक्षा व्यवस्था और हत्याकांड की जांच की समीक्षा* दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों ने उपायुक्त को हत्याकांड की जांच और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है तथा दोषियों को जल्द कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।उपायुक्त ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। *दौरे से जगी नई उम्मीद* दंपति हत्याकांड के बाद पहली बार जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी के गांव पहुंचने से ग्रामीणों में उम्मीद की नई किरण जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों पर गंभीरता से अमल किया गया तो गांव की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा। वहीं पीड़ित परिवार ने भी प्रशासन द्वारा दिए गए सहयोग और आश्वासन पर संतोष व्यक्त किया। गौरतलब है कि दंपति हत्याकांड के बाद गांव की समस्याएं और लोगों की परेशानियां लगातार चर्चा का विषय बनी हुई थीं। ऐसे में उपायुक्त का यह दौरा न केवल पीड़ित परिवार के लिए संबल बना, बल्कि पूरे गांव के विकास और सुरक्षा को लेकर प्रशासन की गंभीरता का भी संदेश दे गया।