मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण को लेकर उपायुक्त ने राजनीतिक दलों संग की बैठक।
SHIKHAR DARPANThursday, June 04, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची के गहन विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) को लेकर जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने बताया कि बूथ स्तरीय पदाधिकारी (BLO) प्रत्येक मतदाता के घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे तथा भरे हुए प्रपत्र प्राप्त करेंगे। यदि कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो तीन बार संपर्क का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी पात्र मतदाता का नाम जानबूझकर नहीं हटाया जाएगा। केवल मृत, डुप्लीकेट, स्थायी रूप से स्थानांतरित एवं लंबे समय से अनुपस्थित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएंगे। बैठक में सभी राजनीतिक दलों से शीघ्र BLA-2 नियुक्त करने का आग्रह किया गया ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता और राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसे त्रुटिरहित बनाने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक में बताया गया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा, जबकि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को होगा। दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया 5 अगस्त से 4 सितंबर तक चलेगी तथा अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन विभाग ने बैठक में लॉजिकल एरर्स, अनमैप्ड इलेक्टर्स, दावा-आपत्ति प्रक्रिया तथा अनुपस्थित, मृत, स्थानांतरित एवं एकाधिक स्थानों पर नामांकित मतदाताओं (ASDD) की पहचान से संबंधित दिशा-निर्देशों की भी विस्तृत जानकारी दी। सभी मामलों में संबंधित मतदाताओं को सुनवाई का अवसर दिए जाने की बात कही गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के अलावा अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ, विभिन्न अंचलों के अंचलाधिकारी एवं निर्वाचन विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।