बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, देशी कट्टा व कारतूस के साथ दो अपराधी गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANThursday, June 04, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को विफल करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूटपाट एवं छिनतई की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग परसन ओपी क्षेत्र के सखेटांड़ गांव में एकत्र होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परसन ओपी क्षेत्र के सखेटांड़ गांव स्थित सामुन अंसारी के घर पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने सामुन अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सामुन अंसारी ने बताया कि वह अपने साथियों आयुष कुमार पंडित, सूरज साव, सोहेल राजा एवं हसमत अंसारी के साथ मिलकर जिले में लूटपाट और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सामुन अंसारी के साथ आयुष कुमार पंडित को भी गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में धनवार (परसन ओपी) थाना कांड संख्या 159/26, दिनांक 03 जून 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2)/3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की है।
*गिरफ्तार आरोपी में सामुन अंसारी (19 वर्ष), पिता – सागिर अंसारी, निवासी सखवेटांड़, पो. मुरना, थाना धनवार (परसन ओपी) एवं आयुष कुमार पंडित (18 वर्ष), पिता – स्व. रामचंद्र पंडित, निवासी बांधी, थाना धनवार दोनो का जिला गिरिडीह। पुलिस द्वारा बरामद सामग्री में एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस मिला है। *छापामारी दल में शामिल अधिकारी:- छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक प्रदीप कुमार दास (जमुआ), परसन ओपी प्रभारी सौनू कुमार साह, एसआई भरत सिंह सिकरियाल, एसआई अरविंद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।