Type Here to Get Search Results !

गांडेय थाना क्षेत्र के बिस्वासडीह जंगल से युवक का शव बरामद, तीन दिनों से लापता था शिवलाल मुर्मू।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गांडेय थाना क्षेत्र के बिस्वासडीह जंगल से एक युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल में शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। मामले की जानकारी मिलने पर गांडेय थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव का मुआयना किया, जिससे प्रतीत हुआ कि शव करीब तीन से चार दिन पुराना है। इसके बाद पुलिस ने पहचान के लिए स्थानीय लोगों और आसपास के गांवों से संपर्क किया। जांच के दौरान मृतक की पहचान ओझाडीह निवासी शिवलाल मुर्मू (पिता- जदू मुर्मू) के रूप में हुई।

मृतक के भाई तुथा मुर्मू ने बताया कि शिवलाल मानसिक रूप से अस्वस्थ था तथा उसे मिर्गी की बीमारी भी थी। वह लगभग तीन दिनों से घर से लापता था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी बीच जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, जंगल में शव मिलने की घटना से पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.