Type Here to Get Search Results !

चथरुडीह के पास सड़क हादसे में एक गंभीर घायल, अज्ञात ट्रैक्टर चालक फरार।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

खुखरा थाना क्षेत्र के गांधी चौक के समीप चथरुडीह गांव के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में दो बाइक सवार घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से चथरुडीह के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायलों में एक युवक चरक ताराटांड़ का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा सरिया क्षेत्र का रहने वाला है।

हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि दूसरे को हल्की चोटें आई हैं।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई में लगे ट्रैक्टर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलते हैं, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने बताया कि खुखरा थाना और हरलाडीह ओपी क्षेत्र में अवैध बालू का धड़ल्ले से परिवहन किया जाता है तथा कई चालक नशे की हालत में भी वाहन चलाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने और लापरवाह ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.