Type Here to Get Search Results !

स्वास्थ्य केंद्र निर्माण में अनियमितता का आरोप, सेंट्रिंग खुलते ही धंसा पोर्टिको।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत कुम्हरलालो पंचायत में लगभग 55 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य पर सवाल उठने लगे हैं। भवन निर्माण के दौरान सेंट्रिंग हटाते ही मुख्य द्वार के ऊपर बना पोर्टिको अचानक धंस गया। घटना के समय वहां कार्य कर रहे मजदूर बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुभाष बर्णवाल ने निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माण में सीमेंट समेत अन्य निर्माण सामग्री की भारी कमी की गई है। साथ ही ढलाई के बाद भवन को पर्याप्त पानी भी नहीं दिया गया, जिसके कारण निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हुई है।

मुखिया प्रतिनिधि शुभाष ने कहा कि सरकारी राशि से बन रहे इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया गया है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने दोषी लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।वहीं, इस संबंध में ठेकेदार ने बताया कि मुख्य प्रवेश द्वार के ऊपर बना पोर्टिको को तकनीकी कारणों से तोड़ दिया गया है। और क्षतिग्रस्त हिस्से को जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा। ठेकेदार ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज किया।ग्रामीणों ने मामले की जांच कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।इस संबंध में जेई ने बताया कि मामले की जानकारी नही है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.