पीरटांड़ में आवास एवं मनरेगा योजनाओं की समीक्षा, पीएम आवास योजना ग्रामीण 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर।
SHIKHAR DARPANWednesday, June 03, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज मराड़ी की अध्यक्षता में बुधवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में आवास एवं मनरेगा योजनाओं से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लंबित आवासों, निर्माणाधीन आवासों तथा लाभुकों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने के विषय पर विशेष चर्चा की गई। इसके साथ ही मनरेगा के अंतर्गत संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति, श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने, भुगतान प्रक्रिया तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी पंचायत सचिवों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0 (आवास प्लस) के सफल क्रियान्वयन के लिए पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
इसके लिए लाभुकों की पहचान, सर्वेक्षण एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों से भी योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग की अपील की गई। बीडीओ ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पंचायत सचिवों, रोजगार सेवकों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। बैठक में विभिन्न पंचायतों के विकास कार्यों से संबंधित सुझावों और समस्याओं पर भी चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के मुखिया अनूप मिश्रा,शशिबाला देवी,सोमी देवी,पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक,जोगेंद्र तिवारी,नवीन सिंह, सुशील टुडू,भवानी देवी,रिंकि देवी सहित पंचायत सचिव एवं संबंधित विभागीय कर्मी उपस्थित रहे। बैठक में योजनाओं की प्रगति को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए आने वाले दिनों में कार्यों में और अधिक तेजी लाने पर बल दिया गया।