Type Here to Get Search Results !

मधुबन थाना क्षेत्र के तिरिलटांड़ दम्पती हत्याकांड का हुआ खुलासा/सात आरोपी गिरफ्तार/जमीन विवाद और आपसी रंजिश था मुख्य कारण।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

मधुबन थाना क्षेत्र के दलानचलकरी पंचायत अंतर्गत तिरिलटांड़ में बीते दिनों हुए चर्चित दम्पती हत्याकांड का गिरिडीह पुलिस ने खुलासा कर लिया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर मामले की विस्तृत जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 2 जून 2026 को तिरिलटांड़ गांव में अज्ञात अपराधियों द्वारा धारदार हथियार से हमला कर पतिया हांसदा और उनकी पत्नी परनी देवी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मधुबन थाना कांड संख्या 06/26, दिनांक 04.06.2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए डुमरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आबिद खां के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए पाया कि घटना के पीछे जमीन विवाद और आपसी रंजिश मुख्य कारण था। पुलिस के अनुसार, गोतिया पक्ष के कुछ लोगों ने पूर्व से चल रहे भूमि विवाद को लेकर सुनियोजित तरीके से दम्पती की हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे की तलवार, दो लोहे के छुरे, खून से सने कपड़े तथा अन्य सामान बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रमेश हांसदा, पांडु हांसदा, विजय हांसदा, दोधमा हांसदा, बबलू हांसदा, मोती हांसदा और सिकरा हांसदा शामिल हैं। सभी आरोपी दलानचलकरी गांव के जहेर टोला मधुबन थाना का रहने हैं। एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा पुलिस अपराध नियंत्रण और त्वरित अनुसंधान के लिए लगातार सक्रिय है। इस सफल कार्रवाई में डुमरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आबिद खा,इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद,मधुबन थाना प्रभारी दिपेश कुमार,खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह,पीरटांड थाना अवर निरीक्षक जितेंद्र सिंह बिष्ट,सहायक अवर निरीक्षक उमेह कुमार एवं तकनीकी शाखा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.