Type Here to Get Search Results !

भाजपा गिरिडीह महानगर जिला की मासिक बैठक संपन्न, संगठन मजबूती पर दिया गया जोर।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

भारतीय जनता पार्टी गिरिडीह महानगर जिला की मासिक बैठक गुरुवार को हरिचक्र स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री सिकंदर हेम्ब्रम एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष अरुण हाजरा ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की 1 से 7 तारीख के बीच सभी मंडलों में बैठक सुनिश्चित की जाए, महीने के तीसरे रविवार को शक्ति केंद्र स्तर पर बैठक आयोजित हो तथा अंतिम रविवार को सभी बूथों पर प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी द्वारा सौंपे गए दायित्वों को धरातल पर उतारने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने जिला पदाधिकारियों की बैठकों में उपस्थिति को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया है। लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों से जवाब-तलब किया जाएगा।

साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी बूथों पर योग कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया। प्रदेश मंत्री शालिनी वैशखियार ने कहा कि पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व वर्ष 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं के समाधान और जनसंपर्क बढ़ाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। पूर्व जिला अध्यक्ष यदुनंदन पाठक ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन हित में एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी जिस भी उम्मीदवार को टिकट देगी, सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ उसके समर्थन में कार्य करें ताकि वर्ष 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बन सके। डुमरी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रदीप साहू ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा दिए गए निर्देशों और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। बैठक में पूर्व मेयर सुनील पासवान, डिप्टी मेयर प्रकाश सेठ, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विनीता कुमारी, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री संजीव कुमार गुड्डू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.