Type Here to Get Search Results !

राजधनवार सीएचसी में दवाओं का पर्याप्त भंडार, स्वास्थ्य सेवाओं को किया जा रहा सुदृढ़: डीसी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजधनवार में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं सामान्य चिकित्सा सेवाओं के लिए आवश्यक दवाओं और चिकित्सा सामग्रियों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार बाल स्वास्थ्य, मातृ स्वास्थ्य, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, नि:शुल्क औषधि योजना, एनपीसीडीसीएस एवं आरकेएसके कार्यक्रमों के तहत आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक केंद्र में मौजूद है। इनमें आयरन-फोलिक एसिड, कैल्शियम, पैरासिटामोल, अमोक्सिसिलिन, एजिथ्रोमाइसिन, सिप्रोफ्लॉक्सासिन, एंटी स्नेक वेनम, ऑक्सीटोसिन समेत कई जरूरी दवाएं शामिल हैं।

इसके अलावा बैंडेज, ब्लड लैंसेट, ग्लव्स, आईवी सेट, बीपी मशीन, थर्मामीटर, वजन मशीन सहित अन्य चिकित्सा सामग्री भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, जिससे मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखें, ताकि किसी भी मरीज को आवश्यक दवा के अभाव का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आमजन को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए दवा भंडारण, आपूर्ति व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.